Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) के शॉप्स एवं फाउंड्री विभाग में 21 से 26 सितंबर 2026 तक आयोजित सुरक्षा सप्ताह का औपचारिक शुभारंभ अधिशासी निदेशक (संकार्य) ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को मजबूत करना और सुरक्षित कार्य-संस्कृति को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (मेंटेनेंस), मुख्य महाप्रबंधक (शॉप्स एवं फाउंड्री), महाप्रबंधक (शॉप्स एवं फाउंड्री) और महाप्रबंधक (एसईडी) मौजूद रहे।

सुरक्षित कार्य-पद्धतियों के पालन पर जोर
उद्घाटन अवसर पर अधिशासी निदेशक (संकार्य) ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा मानक सुरक्षित कार्य-पद्धतियों का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने असुरक्षित कृत्यों, असुरक्षित स्थितियों और नियर-मिस की समय पर रिपोर्टिंग कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में करीब 250 नियमित एवं संविदा कर्मियों को सुरक्षा शपथ दिलाई गई।
वाहन सुरक्षा पर प्रस्तुत की गई नाटिका
कार्यक्रम के दौरान वाहन सुरक्षा पर केंद्रित ‘बो-टाई’ विषयक नाटिका भी प्रस्तुत की गई। इसके माध्यम से कर्मियों को संभावित जोखिमों और उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

सप्ताहभर होंगे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम
सुरक्षा सप्ताह के दौरान ZTR, बो-टाई विश्लेषण, लाइन ऑफ फायर, PPE, LOTO, परमिट टू वर्क (PTW), MOC, हाउसकीपिंग और नियर-मिस जैसे विषयों पर जागरूकता सत्र आयोजित होंगे। इसके अलावा प्रतियोगिताएं, टूलबॉक्स टॉक्स, नुक्कड़ नाटक और स्पॉट सेफ्टी क्विज भी कराए जाएंगे।
शून्य-दुर्घटना लक्ष्य पर जोर
आयोजन बीएसएल की ‘शून्य-दुर्घटना’ लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभागीय सुरक्षा अधिकारी, सहायक विभागीय सुरक्षा अधिकारी और सुरक्षा समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
