Bokaro : बोकारो रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर पर तत्काल टिकट की मारामारी अब यात्रियों के बीच मारपीट की वजह बनने लगी है। सीमित काउंटर और लंबी कतारों के कारण पहले से परेशान यात्रियों के बीच सोमवार को नंबर लगाने को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कुछ लोगों को चोटें भी आईं। रेलवे पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। मंगलवार को भी बवाल हुआ। दो गुटों के बीच स्टेशन पर पत्थरबाजी हुई। फिलहाल मामला गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (GRP) के पास है। सुरक्षा बढ़ाई गई है।

तीसरे नंबर पर कौन, इसी को लेकर शुरू हुआ विवाद
लोगों के अनुसार, तत्काल टिकट के लिए काउंटर पर अपनी बारी सुनिश्चित करने के लिए यात्रियों ने कागज पर क्रम संख्या लिख रखी थी। इसी दौरान दो लोगों के बीच तीसरे नंबर पर अपनी जगह होने के दावे को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दूसरे पक्ष ने भी अपने लोगों को बुला लिया। फिर रेलवे स्टेशन का रिजर्वेशन काउंटर टिकट बुकिंग की जगह मारपीट का अखाड़ा बन गया। घटना के दौरान वहां मौजूद अन्य यात्रियों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ी।

एक काउंटर, लंबी कतार और यात्रियों की बढ़ती मुश्किलें
यात्रियों की परेशानी की मुख्य वजह तत्काल टिकट बुकिंग के लिए काउंटरों की घटती संख्या बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन टिकट बुकिंग के बढ़ते चलन के चलते, फिलहाल तत्काल टिकट की बुकिंग के लिए केवल एक काउंटर संचालित हो रहा है। ऐसे में सुबह से ही लंबी कतार लग जाती है। टिकट पाने की होड़ और अपनी बारी को लेकर असमंजस अक्सर विवाद की स्थिति पैदा कर रहा है।

शिकायतों के बावजूद रेलवे अधिकारियों की चुप्पी ?
बोकारो रेलवे स्टेशन शहर से काफी दूर स्थित है। ऐसे में लोग अपना जरूरी काम छोड़कर तत्काल टिकट बनवाने स्टेशन पहुंचते हैं। लेकिन पर्याप्त काउंटर नहीं होने के कारण उन्हें घंटों इंतजार और अव्यवस्था का सामना करना पड़ता है। यात्रियों का आरोप है कि बोकारो रेलवे के कमर्शियल विभाग के अधिकारियों तक बार-बार शिकायतें पहुंचने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। सवाल यह है कि जब यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ रही है, तो रेलवे प्रशासन अतिरिक्त काउंटर की व्यवस्था करने में आखिर देरी क्यों कर रहा है ?
GRP ने शुरू की जांच
जीआरपी थाना के अमरेंद्र कोटवार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “रिजर्वेशन काउंटर पर यात्रियों के बीच विवाद और मारपीट की घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।” अब सवाल सिर्फ मारपीट की जांच का नहीं, बल्कि उस व्यवस्था का भी है, जहां तत्काल टिकट पाने के लिए यात्रियों को रेलवे काउंटर पर अपनी बारी के लिए जूझना पड़ रहा है।
