Bokaro: बोकारो जिले में चोरों के हौसले इन दिनों बुलंद हैं। पिछले 48 घंटों में करीब सात घरों के ताले टूट चुके हैं। हैरानी की बात यह है कि इनमें दो घर पुलिस विभाग से जुड़े लोगों के हैं। पुलिस चोरी की घटनाओं के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालने, संदिग्धों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी है। फिलहाल इन बड़ी चोरियों में पुलिस के हाथ कोई बड़ी सफलता नहीं लगी है।

बकरी चोर पकड़ने का अचीवमेंट
लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है कि पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। इसी बीच कसमार पुलिस ने बकरी चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जिले में घरों के ताले टूट रहे हैं, लाखों के जेवर और नकदी गायब हो रहे हैं, लेकिन कसमार पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में बकरी चोर की गिरफ्तारी प्रमुख उपलब्धि बनकर सामने आई है।

ऐसी तत्परता
अपनी सफलता का दम भरते हुए कसमार थाना ने प्रेस वालो को बताया कि, “कसमार थाना कांड संख्या 93/26 के प्राथमिक अभियुक्त गोदाधर सेन (52) को बकरी चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।” इतनी तत्परता से बकरी चोरी के आरोपी की गिरफ्तारी निश्चित रूप से पुलिस की कार्रवाई है, लेकिन जिले में लगातार हो रही गृहभेदन की घटनाओं पर भी ऐसी ही तत्परता दिखे तो आम लोगों को ज्यादा राहत मिलेगी।

सात घरों में चोरी, चोरों के हौसले बुलंद
पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के पारटांड़ में रविवार देर रात चोरों ने दिलीप कुमार महतो के घर का ताला तोड़कर नकदी, जेवरात, कपड़े और बर्तन चुरा लिए। गृहस्वामी के मुताबिक, परिवार के सदस्य भोजन के बाद सोने चले गए थे। चोरों ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और दूसरे कमरे में रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खाकी के घर भी सुरक्षित नहीं
गोमिया के साड़म नहर रोड में चोरों ने एक ही रात दो बंद घरों को निशाना बनाया। इनमें एक घर सुनील पासवान का है, जो चतरा पुलिस कंट्रोल रूम में कार्यरत हैं। उनके घर की देखरेख माता-पिता करते हैं। दूसरी घटना पूर्व एसपीओ आनंद पासवान के घर हुई। वह परिवार के साथ हजारीबाग गए थे। लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। अलमारी से करीब तीन से चार लाख रुपये के जेवरात और पांच हजार रुपये नकद गायब थे। अब सवाल है कि जब पुलिस विभाग से जुड़े लोगों के घर ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी किस भरोसे घर छोड़कर बाहर जाए ?
करगली बाजार में तीन घरों पर हाथ साफ
बेरमो के करगली बाजार में रविवार अहले सुबह चोरों ने एक ही कॉलोनी के तीन घरों के ताले तोड़ दिए। सुमित कुमार उर्फ डब्ल्यू, विवेक मोदक और राजा कुमार सिंह के घरों को निशाना बनाया गया। तीनों परिवार घर बंद कर बाहर गए हुए थे। सुमित के घर से करीब ढाई लाख रुपये नकद, जेवरात और महंगे कपड़े चोरी हुए हैं। अन्य दो घरों में हुए नुकसान का आकलन गृहस्वामियों के लौटने के बाद होगा। बेरमो थाना प्रभारी नित्यानंद महतो के अनुसार, चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
बकरी चोर पकड़ पुलिस ने दिखाई रफ्तार !
लाखों की चोरी के आरोपी अब भी फरार हैं, लेकिन कसमार पुलिस ने बकरी चोर को गिरफ्तार कर अपनी उपलब्धि जरूर गिना रही है। फिलहाल बड़ी चोरियों के आरोपियों की गिरफ्तारी का इंतजार है। उम्मीद है कि पुलिस की अगली प्रेस विज्ञप्ति में बकरी की जगह घरों में सेंध लगाने वाले गिरोह की गिरफ्तारी की खबर होगी।
