Bokaro: बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन पर बुधवार देर रात कोयला लदी मालगाड़ी के एक वैगन में आग लगने से हड़कंप मच गया। हालांकि लोको पायलट की सतर्कता और रेलवे प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। कुशमाही से चंद्रपुरा थर्मल पावर स्टेशन (CTPS) जा रही मालगाड़ी के तीसरे वैगन से धुआं निकलने के बाद आग की लपटें दिखाई दीं।

निरीक्षण के दौरान मिली आग की जानकारी
रात करीब 11 बजे शिफ्ट बदलने के दौरान नए लोको पायलट ने इंजन नंबर 33397 और 33350 से जुड़ी मालगाड़ी की जांच की। इसी दौरान वैगन से धुआं निकलता देखा गया। तुरंत इसकी सूचना स्टेशन मास्टर मिथिलेश कुमार यादव को दी गई, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
सीआईएसएफ दमकल टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही डीवीसी पावर प्लांट यूनिट की सीआईएसएफ फायर टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से आग अन्य वैगनों तक नहीं फैल सकी।

कोयले की चिंगारी से आग लगने की आशंका
स्टेशन मास्टर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कोयले की लोडिंग के दौरान घर्षण या टकराव से निकली चिंगारी को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। घटना की जानकारी डीआरएम को भेज दी गई है।
