Bokaro: बोकारो रेलवे स्टेशन से करीब पांच किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर बुधवार को सिर कटी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रेलवे ट्रैक के किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही बोकारो जीआरपी और बालीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बोकारो जीआरपी थाना के इंस्पेक्टर अमरेंद्र प्रसाद ने बताया कि घटनास्थल बालीडीह थाना क्षेत्र में आता है। सूचना के बाद जीआरपी और बालीडीह पुलिस ने संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण किया तथा शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

जमुई के युवक के रूप में हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बिहार के जमुई जिले के धर्मपुर गांव निवासी संदीप कुमार (22) के रूप में हुई है। बताया गया कि संदीप फिलहाल बोकारो में रह रहा था। रेलवे ट्रैक पर शव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि युवक किसी ट्रेन की चपेट में आया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी तक मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ये मेरा आखिरी मैसेज है
मृतक के पिता रामदेव यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में देवेंद्र पर पुत्र संदीप को परेशान और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि 26 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे संदीप ने वाहन मालिक को वीडियो भेजकर गाड़ी सुरक्षित छोड़ने की बात कही। इसके बाद व्हाट्सएप पर ऑडियो संदेश भेजा, जिसमें कहा, “ये मेरा आखिरी मैसेज है।” कुछ घंटे बाद परिवार को रेलवे ट्रैक पर संदीप का शव मिलने की सूचना मिली। बाद में पुलिस ने रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने की सूचना दी। परिजनों ने आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

जांच में जुटी पुलिस
जीआरपी इंस्पेक्टर अमरेंद्र प्रसाद के मुताबिक, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य वजह, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना को लेकर आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
