Bokaro: लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार देर रात तेनुघाट-बोकारो नहर रोड पर चांपी के पास एक Fortuner अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार दो युवक घायल हो गये। हालांकि, नहर में गिरने से ठीक पहले दोनों ने Fortuner से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गयी।

कार से कूदकर बचायी जान
घायलों की पहचान जैनामोड़ के टांड़ मोहनपुर निवासी रोहित कुमार (41) और बाबलू कुमार (45) के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए तेनुघाट अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति स्थिर बतायी गयी है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलने के बाद तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। ओपी प्रभारी ने बताया, “दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उन्हें मामूली चोटें आयी हैं और उनकी स्थिति स्थिर है।”
पुलिस के अनुसार, रोहित और बाबलू चांपी निवासी अपने मामा अजय महतो के घर गये थे। गुरुवार देर रात दोनों Fortuner से टांड़ मोहनपुर लौट रहे थे। इसी दौरान चांपी के पास हादसा हो गया।

कीचड़ और फिसलन से बिगड़ा संतुलन
स्थानीय लोगों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गयी थी। कई जगह मिट्टी और कीचड़ जमा था। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और Fortuner नहर की ओर जाने लगी। कार को नहर की ओर बढ़ता देख दोनों सवारों ने खतरा भांप लिया और समय रहते Fortuner से बाहर कूद गये। इसके कुछ ही क्षण बाद वाहन नहर में जा गिरा। दोनों को चोटें आयीं, लेकिन बड़ा हादसा टल गया।
शुक्रवार सुबह जुटी भीड़
घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह आसपास के लोगों को हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये और नहर में गिरी Fortuner को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने सड़क की खराब स्थिति और बारिश के दौरान बढ़ती फिसलन पर चिंता जतायी। उन्होंने प्रशासन से सड़क की मरम्मत में तेजी लाने और दुर्घटना की आशंका वाले हिस्सों को जल्द दुरुस्त कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की।
