Bokaro: सेक्टर-1 स्थित स्टर्लिंग सिटी सेंटर बोकारो में शुक्रवार को झारखंड इन्क्यूबेटर कार्यक्रम के तहत लॉन्च कार्यक्रम-सह-वर्कशॉप आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करना, व्यवसाय का विस्तार करना और रोजगार के नए अवसर तैयार करना है।

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में स्वयं सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने महिलाओं से अपने उद्यम को व्यवसाय की तरह संचालित करने और आय बढ़ाने की सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
बाजार की मांग के अनुसार शुरू करें उद्यम
उपायुक्त ने कहा कि महिलाएं पारंपरिक छोटे व्यवसायों तक सीमित न रहें, बल्कि बाजार की मांग के अनुरूप मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर में नए उद्यम शुरू करें। उन्होंने ऐसे व्यवसायों पर ध्यान देने को कहा, जिन्हें बड़े स्तर पर विकसित किया जा सके।

बोकारो से 200 गुणवत्तापूर्ण आवेदन का लक्ष्य
उपायुक्त ने जिले से कम से कम 200 गुणवत्तापूर्ण आवेदन तैयार करने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि चयनित उद्यमियों के अलावा अन्य इच्छुक महिलाओं को भी बैंक, नाबार्ड और वित्तीय संस्थानों के सहयोग से उद्यम स्थापना के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
मिलेगा वित्तीय और तकनीकी सहयोग
उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने बताया कि कार्यक्रम के तहत महिला नेतृत्व और महिला स्वामित्व वाले उद्यमों को बढ़ावा दिया जाएगा। मैन्युफैक्चरिंग एवं सर्विस सेक्टर के उद्यमों को अनुदान, ब्याजमुक्त सॉफ्ट लोन, मेंटरिंग और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
महिलाओं को उद्यम विस्तार की दी जानकारी
कार्यक्रम में महिलाओं को बाजार की मांग, नए उद्यम शुरू करने, व्यवसाय विस्तार और उपलब्ध वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग की जानकारी दी गई। मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, जेएसएलपीएस पदाधिकारी, आईआईएम कलकत्ता के प्रतिनिधि और स्वयं सहायता समूह की दीदियां मौजूद रहीं।
