Bokaro: गुरु गोबिंद सिंह एजुकेशनल सोसाइटी टेक्निकल कैंपस (GGSESTC), कांड्रा, चास में बुधवार को AICTE के DICE (Developing Innovation Culture and Entrepreneurship) कार्यक्रम के तहत Field Visit Activity-2 का आयोजन किया गया। इसमें बोकारो जिले के दो पीएम श्री विद्यालयों के 100 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

दो स्कूलों के 50-50 विद्यार्थियों ने लिया भाग
प्लस टू राजकीय पीएम श्री हाई स्कूल, सतनपुर और प्लस टू राजकीय पीएम श्री हाई स्कूल, हरनाद, कसमार से 50-50 विद्यार्थी शिक्षक एवं प्राचार्य के नेतृत्व में कॉलेज पहुंचे। सतनपुर के विद्यार्थियों का मार्गदर्शन झारखंड उद्यमी संघ के अध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद और हरनाद के विद्यार्थियों का मार्गदर्शन UBI बैंक, कांड्रा शाखा की वरीय बैंकिंग पदाधिकारी अपूर्वा कुमारी ने किया।
इनोवेशन सेंटर में नए आइडिया पर चर्चा
विद्यार्थियों ने संस्थान के Innovation, Incubation and Enterprise Centre का भ्रमण किया। इस दौरान नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेते हुए विद्यार्थियों ने 25 से अधिक नए विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने अपने आइडिया की उपयोगिता, संभावनाओं और सामाजिक प्रभाव पर भी चर्चा की।

नवाचार संस्कृति विकसित करना उद्देश्य
संस्थान के निदेशक डॉ. प्रियदर्शी जरुहार ने कहा कि DICE कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में शुरुआती स्तर से नवाचार और उद्यमिता की संस्कृति विकसित करना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को समस्या पहचानने, समाधान तलाशने और नए विचारों को उद्यम से जोड़ने का अवसर मिलना जरूरी है।
आयोजन टीम को दी बधाई
कार्यक्रम की सफलता पर संस्था के अध्यक्ष तरसेम सिंह और सचिव सुरेंद्र पाल सिंह ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आयोजन टीम को बधाई दी। AICTE के क्षेत्रीय समन्वयक अभिनाश कुमार ने भी टीम को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रो. गौतम कुमार, सरिता कुमारी, प्रो. शहनाज़ फरीन, प्रो. रोहित वर्मा, प्रो. सुमित कुमार पांडे और IIC कोऑर्डिनेटर प्रो. पंकज राय का योगदान रहा।
