Bokaro: बोकारो में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत बुधवार को आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं के बीच जिला स्तरीय पौष्टिक व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित हुई। मिशन सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 के तहत आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय खाद्य सामग्रियों से तैयार व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई।

11 आईसीडीएस परियोजनाओं के स्टॉल का निरीक्षण
उपायुक्त अजय नाथ झा, जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, डीडीसी शताब्दी मजूमदार समेत अन्य अधिकारियों ने 11 आईसीडीएस परियोजनाओं के स्टॉल का निरीक्षण किया। अतिथियों ने स्थानीय एवं पारंपरिक पौष्टिक व्यंजनों का स्वाद चखा और सेविकाओं-सहायिकाओं के प्रयासों की सराहना की।
हर बच्चे तक पहुंचे पोषण और स्वास्थ्य सेवा
उपायुक्त ने कहा कि पोषण माह केवल एक महीने की गतिविधि नहीं, बल्कि निरंतर जनभागीदारी का अभियान है। आंगनबाड़ी केंद्र गांव के बच्चों के समग्र विकास के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने बच्चों की मैपिंग कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी बच्चा पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे।

बेरमो, कसमार और नावाडीह को प्रथम पुरस्कार
प्रतियोगिता में बेरमो, कसमार और नावाडीह परियोजनाओं को संयुक्त रूप से प्रथम पुरस्कार मिला। बेरमो की माला देवी द्वारा तैयार रागी मोमो आकर्षण का केंद्र रहा। पेटरवार, चंद्रपुरा, चंदनकियारी और जरीडीह को द्वितीय तथा गोमिया, चास सिटी और चास रूरल को तृतीय पुरस्कार मिला। चंद्रपुरा की रंजीता देवी का मड़वा पिज्जा भी सराहा गया।
सात सेविकाओं-सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम में सात नव चयनित आंगनबाड़ी सेविकाओं-सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया, जबकि तीन गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी कर उन्हें पौष्टिक आहार एवं फल प्रदान किए गए।
