Bokaro: चंद्रपुरा थाना क्षेत्र की डीवीसी कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के कुछ सामान और नकदी बरामद की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

डीवीसी कॉलोनी में हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को क्वार्टर संख्या एफ/डी-05, डीवीसी कॉलोनी, चंद्रपुरा में दिनदहाड़े चोरी की घटना हुई थी। मामले को लेकर चंद्रपुरा थाना कांड संख्या 112/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने कांड के शीघ्र उद्भेदन के लिए विशेष टीम का गठन किया।
पहाड़ी से दोनों आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने अज्ञात चोरों की पहचान करते हुए छापेमारी की। इस दौरान कमला माता मंदिर पहाड़ी से बिरसाबस्ती निवासी रोहित कुमार (26) और विजय कुमार (22) को गिरफ्तार किया गया। दोनों चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो जोड़ी चांदी जैसी पायल और तीन चांदी जैसे सिक्के बरामद किए। इसके अलावा रोहित कुमार के पास से 3,000 रुपये और विजय कुमार के पास से 2,500 रुपये नकद बरामद किए गए।

पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, रोहित कुमार के खिलाफ चंद्रपुरा थाना में वर्ष 2024 में चोरी से जुड़े दो मामले दर्ज हैं। वहीं विजय कुमार के खिलाफ भी पूर्व में बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस ने बताया कि चोरी की घटना में अन्य अपराधियों के भी शामिल होने की आशंका है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी टीम में ये अधिकारी शामिल
कार्रवाई में चंद्रपुरा थाना प्रभारी पु.अ.नि. श्रीनिवास कुमार सिंह, दुग्धा थाना प्रभारी पु.अ.नि. अमन कुमार, चंद्रपुरा थाना के पु.अ.नि. कुन्दन कुमार पासवान, पु.अ.नि. प्रवीण महतो और चंद्रपुरा थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
