Bokaro: गोमिया थाना (कथारा ओपी) की पुलिस ने अपहरण और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे आरोपी विजय कुमार यादव उर्फ विजय यादव को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

मई में दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार, महली बांध निवासी अनल कुमार ने 11 मई 2026 को कथारा ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि उन्हें जान से मारने की नीयत से अपहरण किया गया था। शिकायत के आधार पर गोमिया थाना (कथारा ओपी) कांड संख्या 63/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू की गई थी।
दो आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने खेतको बखरी टोला निवासी कामेश्वर यादव और उसके पुत्र कन्हैया यादव को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वहीं, मामले में फरार चल रहे विजय कुमार यादव उर्फ विजय यादव को 30 सितंबर को गिरफ्तार किया गया।

आरोपी के खिलाफ पहले से दो मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पेटरवार थाने में वर्ष 2013 और 2020 में दो मामले दर्ज हैं। इनमें मारपीट, चोरी, अवैध रूप से रोकने और हत्या के प्रयास समेत विभिन्न आरोप शामिल हैं। इसके अलावा, गोमिया थाना (कथारा ओपी) में दर्ज अपहरण के मामले में भी उसे आरोपी बनाया गया है।
छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी थे शामिल
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए की गई कार्रवाई में कथारा ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम, पुलिस अवर निरीक्षक रवि चौरसिया और कथारा ओपी के रिजर्व गार्ड शामिल थे।
