Bokaro: शहर में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक सेवानिवृत्त CISF कर्मी की मौत हो गई। रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले अशोक कुमार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर-11 स्थित झारखंड मोड़ के समीप मीट दुकान के पास हुई।
मॉर्निंग वॉक पर निकले थे अशोक कुमार
सेक्टर-11 निवासी अशोक कुमार प्रतिदिन की तरह रविवार सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान झारखंड मोड़ के पास एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। सड़क किनारे मौजूद लोगों और मॉर्निंग वॉक पर निकले अन्य लोगों ने जब हादसा देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। हादसे की खबर मिलते ही हरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

टक्कर मारने वाले ट्रक की तलाश
हरला थाना प्रभारी खुर्शीद आलम ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि हादसे में शामिल ट्रक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की मदद से वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद, रोज सुबह टहलने निकलने वाले स्थानीय लोगों के बीच भी इस हादसे को लेकर चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है।

