Bokaro: ज़िले के दो प्रमुख विद्यालयों ने ICSE 10वीं परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन कर शहर का नाम रोशन किया है। गुरुवार को घोषित परिणाम में St Xavier’s School और De Nobili School के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक हासिल कर सफलता के नए मानक स्थापित किए।

सेंट जेवियर्स का शत-प्रतिशत रिजल्ट
सेंट जेवियर्स स्कूल का परिणाम इस वर्ष भी शत-प्रतिशत रहा। परीक्षा में शामिल सभी 239 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। विद्यालय के टॉपर आरुष सिंह रहे, जिन्होंने 99.2 प्रतिशत अंक हासिल किए। वहीं स्वाति कुमारी ने 98 प्रतिशत और मानवी मेहर ने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।
देवाशीष कुमार महतो ने 97.4 प्रतिशत, जबकि स्वधा कुमारी ने 97 प्रतिशत अंक अर्जित किए। इसके अलावा स्वास्तिका मंडल और वंश अग्रवाल ने 96.6 प्रतिशत, काव्या सिंह और अभिनव कुमार ने 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। स्वास्तिका मिश्रा ने 95.8 प्रतिशत अंक के साथ शीर्ष दस में जगह बनाई। उल्लेखनीय है कि विद्यालय के 52 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।

डी नोबिली स्कूल का भी दमदार प्रदर्शन
वहीं डी नोबिली स्कूल का परिणाम भी काफी प्रभावशाली रहा। यहां 121 में से 120 विद्यार्थी सफल हुए, जिससे विद्यालय का सफलता प्रतिशत 99.17 रहा। विद्यालय के टॉपर ईशांत कुमार साव बने, जिन्होंने 97.40 प्रतिशत अंक हासिल किए। कुमार आर्यन ने 95.80 प्रतिशत के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि सुभ्रा प्रभाकर 95.60 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहे। आकाश कुमार गिरी और कौस्तुभ चंद्र झा ने संयुक्त रूप से 95 प्रतिशत अंक हासिल कर चौथा स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग को दिया। दोनों विद्यालयों के उत्कृष्ट परिणाम ने बोकारो की शैक्षणिक पहचान को और मजबूत किया।

