Bokaro: झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव के तहत बोकारो जिले में ICT चैंपियनशिप 2026-27 की विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता शुरू हो गई है। यह प्रतियोगिता 9 से 16 अक्टूबर 2026 तक ICT लैब से जुड़े उच्च एवं प्लस टू विद्यालयों में आयोजित की जा रही है।

डीईओ ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन ने शुक्रवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा की व्यवस्थाओं, संचालन और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित शिक्षकों को प्रतियोगिता का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
चार स्तरों पर आयोजित होगी प्रतियोगिता
ICT चैंपियनशिप का आयोजन चार स्तरों पर होगा। विद्यालय स्तर की प्रतियोगिता 9 से 16 अक्टूबर, प्रखंड स्तर की 2 से 14 नवंबर, जिला स्तर की 7 से 12 दिसंबर और राज्य स्तर की प्रतियोगिता 21 से 24 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता, नवाचार और डिजिटल शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

डीसी ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
उपायुक्त अजय नाथ झा ने प्रतियोगिता में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से बिना दबाव और घबराहट के आत्मविश्वास के साथ भाग लेने तथा तकनीक का सकारात्मक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, समस्या समाधान कौशल और नवाचार की भावना को मजबूत करती हैं।
