Bokaro: जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। चन्द्रपुरा थाना क्षेत्र के तरंगा पंचायत स्थित चिरूबाद गांव के पास जमुनिया नदी में बोरे में बंद महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि 40 हजार रुपये की सुपारी लेकर महिला की हत्या की गई थी और पहचान छिपाने के लिए शव को नदी में फेंक दिया गया।

नदी में मिला था बोरे में बंद शव
23 अप्रैल 2026 को जमुनिया नदी में प्लास्टिक बोरे में बंद एक अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ मिला था। मामले में चन्द्रपुरा थाना में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
गुमशुदगी से खुला राज
अनुसंधान के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चास थाना क्षेत्र से 20 अप्रैल को एक महिला लापता हुई थी। शव की पहचान मृतका बेबी देवी के रूप में हुई। परिजनों ने संदेह जताया, जिसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-9 से गुड्डु बर्नवाल उर्फ मुकेश और अनिल को पकड़ा।

पूछताछ में खुला हत्या का सच
दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने स्विफ्ट कार समेत अन्य दो आरोपित शौकत रजा उर्फ गुड्डु अंसारी और जलेश्वर महतो को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने 40 हजार रुपये लेकर हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस को कार के अंदर लंबे बाल और पीछे की सीट के नीचे खून के निशान मिले, जिन्हें जब्त किया गया।
पुरानी जान-पहचान बनी हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार मृतका और मुख्य आरोपित गुड्डु बर्नवाल के बीच पहले से जान-पहचान थी। आपसी विवाद के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और शव को बोरे में बंद कर जमुनिया नदी में फेंक दिया।
पुलिस टीम को मिली बड़ी सफलता
इस मामले के उद्भेदन में तकनीकी शाखा और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, छह मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

