Bokaro: बोकारो में विस्थापित अप्रेंटिसों के नियोजन से जुड़े लंबित मामलों के समाधान को लेकर शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को समाहरणालय में त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गई। उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बीएसएल प्रबंधन और विस्थापित अप्रेंटिस संघ के प्रतिनिधियों ने नियोजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

समय-सीमा में सुनियोजन नीति तैयार करने का निर्देश
उपायुक्त अजय नाथ झा ने बीएसएल प्रबंधन को निर्देश दिया कि प्रशिक्षित विस्थापित अप्रेंटिसों के नियोजन की समस्या के समाधान के लिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनियोजन नीति तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों के निपटारे की दिशा में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि इस मुद्दे का समाधान हो सके।
बैठक की कार्यवाही तैयार करने का निर्देश
बैठक में हुई चर्चा के सभी प्रमुख बिंदुओं के आधार पर उपायुक्त ने जिला भूमि अर्जन पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (डीपीएलआर) पदाधिकारी को कार्यवाही विवरण (प्रोसिडिंग) तैयार करने का निर्देश दिया। वार्ता का उद्देश्य विस्थापित अप्रेंटिसों के नियोजन से संबंधित समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल करना रहा।

कई वरिष्ठ अधिकारी और संघ के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीएलआर पदाधिकारी पूर्णिमा कुमारी, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, सिटी डीएसपी राजीव रंजन और बीएसएल के सीजीएम टाउनशिप कुंदन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी तथा विस्थापित अप्रेंटिस संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
