Bokaro: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 रविवार को बोकारो जिले के सभी 72 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के निष्पक्ष और सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
डीसी और एसपी ने विभिन्न केंद्रों का लिया जायजा
परीक्षा के दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने सेक्टर-4 स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल तथा चास मुफस्सिल स्थित डॉ. एस. राधाकृष्णन कॉलेज ऑफ एजुकेशन सहित अन्य केंद्रों का जायजा लिया। अधिकारियों ने केंद्राधीक्षकों से परीक्षा संचालन और उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्राप्त की।

एसओपी का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीसी और एसपी ने परीक्षा को निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी केंद्राधीक्षकों को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।

पहली पाली में 26,234 परीक्षार्थी हुए शामिल
जिला शिक्षा पदाधिकारी सह परीक्षा के नोडल पदाधिकारी प्रवीण रंजन के अनुसार, जेटेट-2026 की पहली पाली में कक्षा 6 से 8 तक के परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा आयोजित की गई। इस पाली में कुल 31,326 परीक्षार्थियों में से 26,234 उपस्थित रहे, जबकि 5,092 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
दूसरी पाली में 12,665 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
दूसरी पाली में कक्षा 1 से 5 तक के परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा हुई। इसमें कुल 14,855 परीक्षार्थियों में से 12,665 उपस्थित हुए, जबकि 2,190 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
प्रशासनिक सतर्कता से शांतिपूर्ण संपन्न हुई परीक्षा
जिला प्रशासन की सतर्कता, अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था के चलते जिले के सभी 72 परीक्षा केंद्रों पर जेटेट-2026 की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन पर जोर दिया।
