Bokaro: विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव और वैश्विक दृष्टिकोण प्रदान करने के उद्देश्य से दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), बोकारो की वियतनाम शैक्षणिक यात्रा यादगार अनुभवों के साथ संपन्न हुई। तीन दिवसीय यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने वियतनाम की संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और स्थानीय जीवनशैली को करीब से जाना।


ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण
यात्रा के पहले दिन दल ने प्राचीन राजधानी होआ लू, ऐतिहासिक मंदिरों और चूना पत्थर की पहाड़ियों का भ्रमण किया। टॉम कोक में विद्यार्थियों ने सम्पान नौका यात्रा का आनंद लिया। इसके बाद मुआ केव की 500 से अधिक सीढ़ियां चढ़कर टॉम कोक घाटी का विहंगम दृश्य देखा। विद्यार्थियों ने स्थानीय रेशम और बांस उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया भी समझी।
क्रूज पर रोमांचक गतिविधियों का अनुभव
दूसरे दिन विद्यार्थियों ने लैन हा बे में ला पैंडोरा क्रूज पर कयाकिंग, स्विमिंग और फिशिंग जैसी गतिविधियों का आनंद लिया। क्रूज पर कुकिंग क्लास और मनोरंजक खेल भी आयोजित किए गए। यात्रा के अंतिम चरण में दल ने हो ची मिन्ह म्यूजियम, स्थानीय बाजारों और प्रसिद्ध ट्रेन स्ट्रीट का भ्रमण किया।

प्राचार्य ने विद्यार्थियों को दी बधाई
वियतनाम से लौटने पर प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने टीम का स्वागत किया और सफल यात्रा के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय अनुभव विद्यार्थियों को ग्लोबल सिटीजन बनाने और उनमें व्यापक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए भविष्य में भी ऐसे अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।
