Bokaro: ज़िले के गोमिया थाना क्षेत्र में दर्ज एक अपहरण कांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए अपहृत युवती को मुंबई से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह मामला युवती के पिता के आवेदन पर दर्ज किया गया था। शिकायत में अज्ञात अपराधियों द्वारा उनकी पुत्री के अपहरण का आरोप लगाया गया था। पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बेरमो (तेनुघाट) के मार्गदर्शन में मामले के उद्भेदन हेतु एक एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी एवं गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को जानकारी मिली कि अपहृत युवती को आरोपियों द्वारा मुंबई ले जाया गया है।
इसके बाद वरीय अधिकारियों को सूचित कर पुलिस टीम मुंबई रवाना हुई, जहां से छापेमारी कर युवती को सुरक्षित बरामद किया गया। साथ ही दो आरोपियों प्रिंस कुमार साव (19 वर्ष), निवासी जमकडीह तथा कुंदन कुमार (21 वर्ष), निवासी देवीपुर को गिरफ्तार किया गया। छापामारी दल में पुलिस पदाधिकारी, महिला आरक्षी एवं तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल रहे। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।


