Bokaro: बोकारो की वेदांता ESL आर्चरी अकादमी के तीरंदाज कुलदीप महतो ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और झारखंड का मान बढ़ाया है। राजस्थान के जयपुर में 21 से 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 46वीं NTPC जूनियर नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप में कुलदीप ने दो पदक अपने नाम किए। उन्होंने व्यक्तिगत ओलंपिक राउंड स्पर्धा में स्वर्ण पदक और टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
CEO ने कुलदीप और कोच को दी बधाई
ESL Steel Limited के CEO एवं होल टाइम डायरेक्टर रवीश शर्मा ने कुलदीप की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उन्हें और उनके कोच बुद्धेश्वर मुर्मू को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम हैं। कुलदीप की सफलता उनकी मेहनत, समर्पण और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।

स्थानीय प्रतिभाओं को मिल रहा बेहतर प्रशिक्षण
कंपनी के अनुसार, वेदांता ESL आर्चरी अकादमी के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को पेशेवर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं, खेल उपकरण और पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और स्थानीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर देना है।

कोच बुद्धेश्वर मुर्मू के मार्गदर्शन में मिली सफलता
कुलदीप महतो को कोच बुद्धेश्वर मुर्मू के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण मिला है। ESL Steel Limited खेल, शिक्षा और सामुदायिक विकास के जरिए युवाओं को आगे बढ़ाने के प्रयास कर रही है। कंपनी ने कुलदीप और उनके कोच को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन की कामना की है।
