Bokaro: बोकारो जिले के कोयलांचल क्षेत्र में अवैध कोयला खनन के खिलाफ CISF और सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान ढोरी क्षेत्र की अंगवाली बंद खदान और बीएंडके क्षेत्र के कारो फेस-II में अवैध खनन के लिए बनाए गए कुल आठ रैट होल बंद कराए गए।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
CISF CCL करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि अंगवाली बंद खदान और कारो फेस-II में पिलपिलो के सामने पहाड़ी पर असामाजिक तत्व अवैध रूप से कोयले का उत्खनन कर रहे हैं। इसके बाद CISF ने मामले की जानकारी CCL के ढोरी महाप्रबंधक राजीव कुमार सिंह और बीएंडके क्षेत्र के महाप्रबंधक संजय कुमार झा को दी।

संयुक्त टीम ने बंद कराए आठ रैट होल
सूचना के आधार पर दोनों महाप्रबंधकों ने CISF और CCL प्रबंधन की संयुक्त टीम गठित की। टीम ने अंगवाली बंद खदान में बनाए गए तीन और कारो फेस-II में पांच रैट होल बंद करा दिए।

अवैध खनन पर अंकुश लगाने की पहल
कार्रवाई में CISF के सहायक कमांडेंट वर्पे सार्थक बाबाजी, केवीए श्रीधर, सुरेश सिंह, पीएन सिंह सहित QRT टीम और CCL के सुरक्षा कर्मी शामिल रहे।
CISF ने कहा कि खनन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। CCL प्रबंधन के साथ समन्वय बनाकर ऐसी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
