Bokaro: संथाल आदिवासी समाज की आस्था, संस्कृति और गौरव के प्रतीक लुगुबुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव को भव्य एवं विश्वस्तरीय स्वरूप देने की तैयारी तेज हो गई है। 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने गुरुवार को उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने ललपनिया पहुंचकर विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया।
पूजा स्थल से पार्किंग और हेलीपैड तक का लिया जायजा
उपायुक्त ने लुगुबाबा की पूजा-अर्चना के बाद मुख्य पूजा स्थल पुनाय थान, चिल्ड्रेन पार्क, मुख्य कार्यक्रम स्थल, टेंट सिटी, हेलीपैड और विभिन्न पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। इसके बाद आयोजन समिति एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।

पहाड़ पर तैनात रहेगी मेडिकल टीम
श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 22 से 24 नवंबर तक पहाड़ पर मेडिकल टीम तैनात रहेगी। बीच रास्ते में भी मेडिकल कैंप बनाए जाएंगे। आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को नीचे लाने के लिए स्ट्रेचर और जरूरी चिकित्सा संसाधन उपलब्ध रहेंगे। इसके लिए मेडिकल मॉनिटरिंग सेल भी गठित किया जाएगा।

छह किलोमीटर मार्ग पर रहेगी विशेष यातायात व्यवस्था
आश्रम विद्यालय से महोत्सव स्थल तक लगभग छह किलोमीटर मार्ग पर डिवाइडर, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था होगी। 24 नवंबर को बड़े वाहनों की पार्किंग आश्रम विद्यालय के पास होगी। श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए ऑटो की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर विशेष तैयारी
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए पूजा-अर्चना और मंचीय कार्यक्रम की मिनट-टू-मिनट रूपरेखा तैयार करने का निर्देश दिया गया। आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, सांस्कृतिक सजावट, स्वच्छता, शौचालय और कचरा प्रबंधन पर भी विशेष जोर दिया गया। महोत्सव समाप्त होने के बाद भी दो दिनों तक सफाई अभियान चलेगा।
पारंपरिक स्वागत से मिलेगा स्थानीय शिल्प को बढ़ावा
उपायुक्त ने अतिथियों के स्वागत में पारंपरिक अंगवस्त्र, पगड़ी और स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित बांस के सूप में आमंत्रण सामग्री देने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि महोत्सव की प्रत्येक व्यवस्था में संथाल संस्कृति और आदिवासी परंपरा की झलक दिखनी चाहिए।
उपायुक्त ने सभी विभागों और आयोजन समिति को आपसी समन्वय से समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा, सुरक्षा और सम्मान देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
