Bokaro: बोकारो पुलिस इन दिनों ‘ऑल टाइम ड्यूटी’ वाले मोड में नजर आ रही है। सुबह थाना प्रभारियों की क्लास लग रही है तो रात में पुलिस की गाड़ियां सड़कों पर दौड़ती दिख रही हैं। वजह है अपराध नियंत्रण का बड़ा टारगेट।

पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर गुरुवार को सभी थाना प्रभारियों को एससी/एसटी एक्ट के प्रावधानों की ट्रेनिंग दी गई। एफआईआर से लेकर अनुसंधान, गिरफ्तारी और पीड़ितों के अधिकार तक की बारीकियां समझाई गईं, ताकि कार्रवाई में कोई कमी न रहे।

वहीं, सूरज ढलते ही पुलिस का दूसरा अभियान शुरू हो गया। शहर थाना, सेक्टर-4, सेक्टर-6 समेत कई थाना क्षेत्रों में फुट पेट्रोलिंग और एंटी क्राइम चेकिंग हुई। संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच की गई। ड्रंक एंड ड्राइव अभियान भी चलाया गया।
चास मुफस्सिल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 150 किलो जावा महुआ नष्ट किया। बोकारो पुलिस का संदेश साफ है – बोकारो में अपराधियों के लिए अब दिन हो या रात, पुलिस की नजर से बचना आसान नहीं।

