Bokaro: जिले में समर्पित बर्न केयर सुविधा के अभाव को देखते हुए मंगलवार को जिला प्रशासन ने बर्न यूनिट के संचालन को लेकर अहम समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त अजय नाथ झा ने की, जिसमें संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। उद्देश्य जिले में एक आधुनिक एवं मानक अनुरूप बर्न यूनिट स्थापित करना है, ताकि गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 10 दिनों के भीतर देश के प्रमुख अस्पतालों में संचालित बर्न यूनिट का अध्ययन किया जाए। इस अध्ययन में वहां की आधारभूत संरचना, प्रशिक्षित मानवबल, उपकरण और प्रबंधन प्रणाली का विश्लेषण शामिल होगा। इसके आधार पर एक व्यवहारिक संचालन मॉडल तथा आरएफपी (रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) तैयार कर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्रस्तावित बर्न यूनिट में इमरजेंसी सेवा, आईसीयू, प्लास्टिक एवं रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी, संक्रमण नियंत्रण और मानसिक स्वास्थ्य परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि मरीजों को एक ही स्थान पर समग्र उपचार मिल सके।

गौरतलब है कि बोकारो में दो बड़े स्टील प्लांट, चार पावर प्लांट और ONGC का सीबीएम प्रोजेक्ट संचालित है, जिससे औद्योगिक गतिविधियां अधिक हैं और बर्न के मामलों की आशंका भी बनी रहती है।

