Bokaro: झारखंड मुक्ति मोर्चा बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने रूपी सोरेन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद अब रूपी सोरेन का निधन उनके लिए अत्यंत पीड़ादायक और गहरे आघात जैसा है।

मां जैसा स्नेह और अभिभावक जैसा प्रेम मिला
मंटू यादव ने कहा कि रूपी सोरेन के सानिध्य में उन्हें हमेशा मां जैसा स्नेह और अभिभावक जैसा अपनापन मिला। उन्होंने कहा कि जब भी गुरुजी तक कोई बात पहुंचानी होती थी, रूपी सोरेन के माध्यम से सहजता से अपनी बात रखी जा सकती थी। उन्होंने हमेशा उन्हें अपने बेटे की तरह स्नेह दिया।

बोकारो से रहा आत्मीय और पारिवारिक जुड़ाव
उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन का बोकारो से रिश्ता केवल राजनीतिक परिवार तक सीमित नहीं था। उनके परिवार के साथ स्थानीय लोगों और पुराने कार्यकर्ताओं का वर्षों से आत्मीय एवं पारिवारिक जुड़ाव रहा है। उनकी सरलता और स्नेह से जुड़ी यादें लोगों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी।

शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना
मंटू यादव ने कहा कि निधन की खबर से पुराने कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और उनसे आत्मीय संबंध रखने वाले लोगों में शोक की लहर है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
विनम्र श्रद्धांजलि
उन्होंने रूपी सोरेन को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा—ॐ शांति।
