Bokaro : आईटीआई मोड़ स्थित सिद्धू-कान्हू चौक पर मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो बोकारो जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वीर शहीद सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा एवं तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। माहौल पूरी तरह देशभक्ति और शहीदों के सम्मान के नारों से गूंज उठा।

सिदो-कान्हू का बलिदान इतिहास का गौरव: रतनलाल मांझी
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी ने कहा कि संथाल हूल विद्रोह हमारे वीर शहीदों सिद्धू-कान्हू के अदम्य साहस और संघर्ष का प्रतीक है। यह दिवस देशभक्ति, स्वाभिमान और सर्वोच्च बलिदान की याद दिलाता है।
शहीदों के मार्ग पर चलने का संकल्प
झामुमो बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने भी शहीदों को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव और फूलो-झानो का बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
राज्यभर में मनाया जा रहा बलिदान दिवस
नेताओं ने बताया कि 30 जून को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा इसी तरह अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जा रही है। कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव मुकेश महतो ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

