Bokaro : जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बोकारो पुलिस ने मंगलवार रात विशेष समकालीन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना और ओपी क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 13 अक्टूबर की रात चलाए गए अभियान के लिए जिले में 77 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में कुल 276 पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे। पुलिस टीमों ने आरोपियों और वारंटियों के संभावित 171 ठिकानों पर सघन छापेमारी की।
27 वारंटी और छह वांछित आरोपी गिरफ्तार
अभियान के दौरान जिले के 29 थाना और ओपी क्षेत्रों से कुल 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर 27 वारंटी और विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित छह आरोपी शामिल हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

32 वारंट का निष्पादन, तीन स्थायी वारंट भी शामिल
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 32 गैर-जमानती वारंट (NBW) का निष्पादन रिकॉल प्रस्तुत किए जाने के आधार पर किया गया। इनमें लंबे समय से लंबित तीन स्थायी वारंट भी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाना, लंबित मामलों में कार्रवाई तेज करना और न्यायालय से जारी वारंटों का निष्पादन सुनिश्चित करना था। बोकारो पुलिस ने जिले में अपराध नियंत्रण और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इस तरह के अभियान के तहत कार्रवाई की।
