Bokaro: बोकारो जिले के चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुसमा गांव स्थित तारुक बांध तालाब के किनारे शुक्रवार को एक लापता युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान मिथिलेश कुमार राय के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
तालाब के किनारे से आ रही थी दुर्गंध
जानकारी के अनुसार, मिथिलेश कुमार राय पिछले दो दिनों से लापता था। परिजन और ग्रामीण उसकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। इसी बीच शुक्रवार को कुछ युवक तालाब में नहाने पहुंचे। इस दौरान उन्हें किनारे से तेज दुर्गंध महसूस हुई। पास जाकर देखने पर तालाब के किनारे एक शव पड़ा मिला, जो काफी हद तक सड़ चुका था।

कपड़ों से परिजनों ने की पहचान
शव की स्थिति खराब होने के बावजूद उसकी टी-शर्ट और शारीरिक पहचान के आधार पर ग्रामीणों एवं परिजनों ने उसकी पहचान मिथिलेश कुमार राय के रूप में की। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
सूचना मिलते ही चास मुफस्सिल थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल युवक की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
