Bokaro: बोकारो रेलवे स्टेशन के एन केबिन के पास शुक्रवार को रेलवे ट्रैक पर करीब 30 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
रेल पुलिस और बालीडीह ओपी ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही रेल पुलिस और बालीडीह ओपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को रेलवे ट्रैक से हटवाया।

ट्रेन की चपेट में आने की आशंका
शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति किसी ट्रेन की चपेट में आया होगा। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मृतक की पहचान कराने में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक की पहचान के लिए आवश्यक जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में हलचल बनी रही।
