Bokaro: चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पर्व की शुरुआत के साथ ही बोकारो और चास में छठमय माहौल बन गया है। घरों से लेकर बाजारों और छठ घाटों तक श्रद्धा और भक्ति की छटा देखने को मिल रही है। पारंपरिक छठ गीतों से पूरा शहर गूंज रहा है, वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विभिन्न छठ घाटों पर तैयारियां की जा रही हैं।
नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ अनुष्ठान
नहाय-खाय के दिन व्रतियों ने स्नान और घर की साफ-सफाई के बाद पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ कद्दू की सब्जी, चना दाल और चावल का प्रसाद ग्रहण किया। शनिवार को खरना का अनुष्ठान किया जाएगा। इसके बाद व्रती 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू करेंगे, जिसमें अन्न और जल दोनों का त्याग किया जाता है।

बाजारों में बढ़ी रौनक, पूजा सामग्री की खरीदारी तेज
छठ को लेकर बोकारो के बाजारों में भी खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु बांस के दउरा, सूप, नारियल, गन्ना, केला, अनानास और विभिन्न मौसमी फलों की खरीदारी कर रहे हैं। पूजा सामग्री और फलों की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद लोगों के उत्साह में कमी नहीं दिख रही है।

सुरक्षा और स्वच्छता पर प्रशासन की अपील
महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से भी तैयारियां की जा रही हैं। उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिलेवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए श्रद्धालुओं से पूरी श्रद्धा के साथ पर्व मनाने और सुरक्षा एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।
उन्होंने व्रतियों और श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से बचने, बिजली के तारों और विद्युत उपकरणों के आसपास सतर्क रहने तथा बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने पूजा के बाद पूजन सामग्री और कचरे को जलाशयों में नहीं फेंकने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
रेलवे स्टेशन पर भी छठ की भक्ति
छठ महापर्व की आस्था का असर बोकारो रेलवे स्टेशन पर भी देखने को मिल रहा है। स्टेशन परिसर में बज रहे पारंपरिक छठ गीत यात्रियों को पर्व के माहौल से जोड़ रहे हैं। ‘केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल झांके झुके’, ‘छठी मइया आई ना दुआरिया’ और ‘कांच ही बांस के बहंगिया’ जैसे लोकप्रिय गीतों से स्टेशन परिसर भक्तिमय हो उठा है। यात्री सुनीता कुमारी ने कहा, “स्टेशन पर छठ के पारंपरिक गीत सुनकर काफी अच्छा लग रहा है। इससे यात्रा के दौरान भी पर्व का एहसास हो रहा है।”
