Bokaro: बीएस सिटी थाना क्षेत्र के एनएच-23 पर रितुडीह के पास शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में 55 वर्षीय पिकअप चालक सूरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) में भर्ती कराया गया है।
पैर कुचलने से चालक की हालत गंभीर
जानकारी के अनुसार, सूरज कुमार पिकअप वैन लेकर नया मोड़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रितुडीह के पास एक ट्रक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप वैन सड़क पर पलट गई। हादसे में चालक सूरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका पैर कुचल गया।

बीजीएच के सीसीयू में चल रहा इलाज
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को तत्काल बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें सीसीयू में भर्ती किया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद एनएच पर लगा जाम
घटना के बाद कुछ समय के लिए एनएच-23 पर यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की आवाजाही बाधित रही। सड़क दुर्घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है।
