Bokaro: इस्पातनगरी बोकारो में 21 और 22 नवंबर 2026 को मिथिलांचल की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं की अनूठी झलक देखने को मिलेगी। मिथिला सांस्कृतिक परिषद की ओर से सेक्टर-4ई स्थित मिथिला एकेडमी पब्लिक स्कूल परिसर में 59वें विद्यापति स्मृति पर्व समारोह का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

राष्ट्रीय स्तर के कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुति
समारोह के सफल आयोजन को लेकर परिषद कार्यकारिणी एवं समाज के गणमान्य लोगों की बैठक हुई। अध्यक्ष जय प्रकाश चौधरी ने सभी से आयोजन में सक्रिय सहभागिता की अपील की। महासचिव नीरज चौधरी ने बताया कि पहले दिन राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसमें मधुबनी के गायक अरविंद सिंह, गायिका वर्षा झा और दिल्ली की सोनी चौधरी शामिल होंगी। कार्यक्रम का संचालन राजीव कुमार झा करेंगे।

मैथिली नाटक ‘एक कमल नोर मे’ होगा खास आकर्षण
दूसरे दिन स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के बाद प्रसिद्ध मैथिली नाटककार महेंद्र मलंगिया लिखित नाटक ‘एक कमल नोर मे’ का मंचन होगा। इसका निर्देशन बोकारो के वरिष्ठ रंगकर्मी सुनील मोहन ठाकुर करेंगे।

प्रतिभाशाली बच्चों और युवाओं को मिलेगा सम्मान
बैठक में मिथिला समाज और बोकारो का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली बच्चों एवं युवाओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में परिषद के पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे। परिषद ने शहरवासियों से समारोह में शामिल होकर मिथिलांचल की सांस्कृतिक विरासत का आनंद लेने की अपील की है।
