Bokaro: राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 30 अगस्त 2026 को NEET PG-2026 परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

बोकारो में दो परीक्षा केंद्र निर्धारित
बोकारो जिले में NEET PG-2026 परीक्षा के लिए दो केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें चास के ग्राम खमारबेन्दी, चंदनकियारी रोड स्थित आयन डिजिटल जोन तथा गवालाडीह मोड़, पुरुलिया रोड, पिंड्राजोरा स्थित क्रिसेंट लैब शामिल हैं।
डीसी-एसपी ने आयन डिजिटल जोन का किया निरीक्षण
मंगलवार को उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने आयन डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा की तैयारियों और अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रवेश से लेकर पेयजल तक व्यवस्थाओं की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के प्रवेश, सुरक्षा, बिजली, पेयजल, स्वच्छता समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने देने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कदाचार रोकने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश
डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने, अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने और परीक्षा को पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया।
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान डीडीसी शताब्दी मजूमदार, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी धनंजय कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।


