Bokaro: बोकारो के चास थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर पुलिसकर्मी बनकर दो वृद्ध महिलाओं से जेवरात ठगने का मामला सामने आया है। घटना करीब 2:30 बजे गरगा पुल के समीप काली मंदिर के सामने की बताई जा रही है।

टोटो रुकवाकर खुद को बताया पुलिसकर्मी
जानकारी के अनुसार, ऊषा लोधा अपनी जेठानी सुंदर देवी लोधा के साथ टोटो से सेक्टर-4 से चास जा रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए टोटो रुकवाया। एक युवक टोटो चालक से लाइसेंस और कागजात की जांच करने लगा।
हत्या की घटना का डर दिखाकर उतरवाए जेवर
दूसरे युवक ने महिलाओं से कहा कि आगे हत्या की घटना हुई है और पुलिस जांच कर रही है। सुरक्षा का हवाला देते हुए उसने महिलाओं को अपने जेवर उतारकर बैग में रखने की सलाह दी। आरोपी की बातों में आकर महिलाओं ने जेवर उतारकर रुमाल में बांधना शुरू कर दिया।

मदद के बहाने हाथ की सफाई
इसी दौरान आरोपी ने रुमाल बांधने में मदद करने के बहाने महिलाओं के जेवरात गायब कर दिए। कुछ देर बाद महिलाओं को ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने चास थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
CCTV से आरोपियों की तलाश
चास एएसपी वेदांत शंकर ने बताया कि घटना को लेकर CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
