Bokaro: बोकारो स्टील टाउनशिप में बीएसएल (BSL) के क्वार्टरों पर अवैध कब्जा कर रहने वालों की मुश्किलें अब बढ़ने वाली हैं। बीएसएल प्रबंधन ने अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई को और सख्त करने का फैसला कर लिया है। अब केवल क्वार्टर खाली कराकर ताला लगाने की कार्रवाई नहीं होगी, बल्कि कब्जा हटाने के बाद दरवाजा और खिड़कियां भी निकाल ली जाएंगी। इसके बाद प्रवेश का रास्ता ईंट और सीमेंट की मजबूत दीवार खड़ी कर बंद किया जाएगा। साथ ही संबंधित क्वार्टर का बिजली और पानी कनेक्शन भी काटने की कार्रवाई की जाएगी।

अवैध कब्जे पर BSL की नई रणनीति
बीएसएल के हाउस अलॉटमेंट विभाग ने अवैध कब्जे वाले क्वार्टरों को खाली कराने के लिए नई रणनीति के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग द्वारा क्वार्टरों का सर्वे तेज किया जा रहा है और एस्टेट कोर्ट से अवैध कब्जे वाले क्वार्टरों की ताजा सूची भी मंगाई गई है। बीएसएल प्रबंधन के वरीय अधिकारियों ने हाउस अलॉटमेंट विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया है कि अवैध कब्जे को किसी भी स्थिति में बढ़ने नहीं दिया जाए। इसी के तहत अब खाली कराए गए क्वार्टरों को दोबारा कब्जे में जाने से रोकने के लिए स्थायी रूप से सील किया जा रहा है।
सेक्टर-8 और 9 में हुई कार्रवाई
बीएसएल के चीफ ऑफ कम्युनिकेशन मणिकांत धान ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि सेक्टर-8 और सेक्टर-9 में कई बीएसएल क्वार्टरों को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है। कार्रवाई के दौरान दरवाजे और खिड़कियां निकाल ली गईं तथा प्रवेश द्वार पर सीमेंटेड दीवार खड़ी कर दी गई। प्रबंधन का मानना है कि केवल ताला लगाने से खाली क्वार्टरों पर दोबारा कब्जे की आशंका बनी रहती है। ऐसे में रास्ता पूरी तरह बंद कर क्वार्टर को सील करने की नीति अपनाई जा रही है।

शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
अवैध कब्जे की जानकारी जुटाने और शिकायतों पर कार्रवाई के लिए बीएसएल के सिक्योरिटी एवं हाउस अलॉटमेंट विभाग की ओर से कुछ सप्ताह पहले शिकायत नंबर भी जारी किया गया है। इस माध्यम से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर संबंधित क्वार्टरों की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
डायरेक्टर इंचार्ज ने भी दिए सख्त निर्देश
पिछले सप्ताह बीएसएल के डायरेक्टर इंचार्ज प्रिय रंजन ने टाउन एंड एडमिनिस्ट्रेशन विभाग के महाप्रबंधकों के साथ बैठक कर टाउनशिप में अवैध कब्जे पर रोक लगाने को लेकर सख्त निर्देश दिए थे। बैठक में खाली क्वार्टरों की निगरानी बढ़ाने और अवैध कब्जे की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

बीएसएल प्रबंधन की इस नई कार्रवाई से टाउनशिप में अवैध रूप से क्वार्टरों पर कब्जा कर रहने वालों में हड़कंप की स्थिति है। कोई पैरवी भी नहीं सुनी जा रही है, क्युकी सेल लेवल से मॉनिटरिंग हो रही है। आने वाले दिनों में सर्वे और एस्टेट कोर्ट से प्राप्त सूची के आधार पर ऐसे और क्वार्टरों पर कार्रवाई होनी पक्की है।


