Bokaro: ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार, 26 अगस्त 2026 को चास अनुमंडल क्षेत्र में निकलने वाले जुलूस को लेकर प्रशासन ने यातायात एवं विधि-व्यवस्था के मद्देनजर विशेष इंतजाम किए हैं। सिजुआ, मोहनडीह, झोपरो, हैसाबातु, इस्लामपुर, आजाद नगर डुमरो और सिवनडीह समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुलूस के स्टेशन मोड़, बालीडीह, नया मोड़ होते हुए उकरीद मजार शरीफ पहुंचने की संभावना है।

सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक लागू रहेगा डायवर्जन
जुलूस की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए 26 अगस्त को सुबह 09:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक निर्धारित मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। इस दौरान कुछ मार्गों पर वाहनों का परिचालन डायवर्ट किया जाएगा, जबकि भारी मालवाहक वाहनों को निर्धारित स्थानों पर रोका जाएगा।
उकरीद मोड़ से स्टेशन मोड़ तक बदलेगा ट्रैफिक
उकरीद मोड़ हाईवे से स्टेशन मोड़, बालीडीह तक सड़क का बायां लेन बंद रहेगा। इस अवधि में सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन उकरीद मोड़ से सड़क के दाहिने लेन से किया जाएगा।

नया मोड़ से उकरीद मोड़ जाने वाला मार्ग रहेगा बंद
नया मोड़ से उकरीद मोड़ की ओर जाने वाले सभी वाहनों का परिचालन सेक्टर-12 मोड़ और पुलिस केंद्र होते हुए उकरीद मोड़ की ओर किया जाएगा। नया मोड़ से उकरीद मोड़ जाने वाला सीधा मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा।
भारी वाहनों के लिए अलग-अलग जगहों पर रोक
धनबाद से आईटीआई मोड़ की ओर जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों को पुपुनकी टोल प्लाजा के पास रोका जाएगा। वहीं, पुरुलिया से आईटीआई मोड़ की ओर आने वाले भारी मालवाहक वाहनों को पिंड्राजोरा चेक पोस्ट के पास रोकने की व्यवस्था की गई है।
आईटीआई मोड़ और पेटरवार रूट पर भी प्रतिबंध
आईटीआई मोड़ से उकरीद मोड़ की ओर जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों को तेलीडीह मोड़ हाईवे के पास रोका जाएगा। पेटरवार से बालीडीह की ओर जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों को जरीडीह टोल प्लाजा के पास रोकने का निर्देश दिया गया है।
बालीडीह और तालगड़िया मोड़ पर भी बदली व्यवस्था
बालीडीह से उकरीद मोड़ की ओर जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों को स्टेशन मोड़, बालीडीह के पास रोका जाएगा। इसके अलावा तालगड़िया मोड़ से जोधाडीह मोड़ की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन सड़क के दाहिने लेन से किया जाएगा।
थाना प्रभारियों को अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश
चास अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढ़ांडा ने संबंधित थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में निर्धारित समय और स्थान पर वाहनों को रोकने तथा यातायात व्यवस्था का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से की सहयोग की अपील
प्रशासन ने आमजनों और वाहन चालकों से अपील की है कि 26 अगस्त को सुबह 09:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करें और आवश्यकता के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। प्रशासन ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने में आम लोगों से सहयोग की अपील की है।


