Bokaro: झारखंड स्थापना दिवस समारोह पखवाड़ा के तहत सोमवार को प्रखंड सभागार चंदनकियारी में रबी कार्यशाला सह खेती बचाओ अभियान का आयोजन किया गया। विधायक उमाकांत रजक ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान और कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

गांव-गांव जाकर किसानों को योजनाओं से जोड़ें अधिकारी
कार्यशाला को संबोधित करते हुए विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि सरकार किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी गांव-पंचायतों में जाकर किसानों को जागरूक करें और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यालय में बैठकर सूची तैयार करने की व्यवस्था नहीं चलेगी। विभागीय कर्मियों को खेतों और गांवों तक पहुंचकर वास्तविक लाभुक किसानों की पहचान करनी होगी।

समय पर खाद और बीज वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश
विधायक ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और किसानों के बीच वितरित किए जा रहे बीज की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को बुआई के समय किसानों को खाद और बीज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका शत-प्रतिशत लाभ किसानों तक पहुंचेगा।

प्रति किसान आठ किलो बीज का किया गया वितरण
कार्यक्रम के दौरान किसानों को प्रति किसान आठ किलोग्राम की दर से बीज वितरित किया गया। मौके पर जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष देवाशीष मंडल, प्रमुख निवारण सिंह चौधरी, बीडीओ अजय कुमार वर्मा, युधिष्ठिर महतो, बीटीएम हर्षवती लागूरी, एटीएम मिनहाज अंसारी समेत कृषि विभाग के कर्मी और किसान उपस्थित थे।
