बोकारो: चिन्मय विद्यालय बोकारो में सोमवार, 23 नवंबर को डॉक्टर राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स बोकारो के तत्वावधान में इंटर विद्यालय संविधान क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जिले के 11 विद्यालयों के 22 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल ने प्रथम, डीएवी सेक्टर-4 ने द्वितीय और डीएवी कथारा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

छह टीमों में बंटे विद्यार्थी, संविधान सभा के नेताओं पर रखे गए नाम
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद प्रतिभागियों को छह टीमों में विभाजित किया गया। प्रत्येक टीम का नाम संविधान सभा के प्रमुख प्रतिनिधियों के नाम पर रखा गया। प्रभारी प्राचार्य नरेंद्र कुमार ने स्वागत भाषण दिया। स्वागत गीत और नृत्य ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। बिपुल कुमार सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी विद्यालयों के सहयोग के लिए आभार जताया।

प्रियंका जायसवाल ने किया क्विज का संचालन
प्रतियोगिता का संचालन राजनीति विज्ञान की शिक्षिका प्रियंका जायसवाल ने किया। इसमें डीएवी कथारा, डीएवी सेक्टर-4, डीएवी सेक्टर-6, एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल, बोकारो पब्लिक स्कूल, डॉ. राजेंद्र प्रसाद पब्लिक स्कूल, डीपीएस चास, सरदार पटेल पब्लिक स्कूल, द ओरिएंटल फाउंडेशन स्कूल, रेनबो पब्लिक स्कूल और मिथिला एकेडमी के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

संविधान के मूल तत्वों को समझना युवाओं के लिए जरूरी
विजेता विद्यालयों को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। विद्यालय अध्यक्ष बिस्वरूप मुखोपाध्याय ने विद्यार्थियों को सम्मानित किया। प्रभारी प्राचार्य नरेंद्र कुमार ने कहा कि युवाओं के लिए संविधान के मूल तत्वों को जानना और उन्हें जीवन में आत्मसात करना जरूरी है। संविधान हमें मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देता है। कार्यक्रम के अंत में एमजीएम स्कूल के प्राचार्य फादर डॉ. जोशी वर्गीस ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
