Bokaro: गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल (जीजीपीएस), बोकारो के माता सुंदरी ऑडिटोरियम में शनिवार को तनाव-प्रबंधन विषय पर एकदिवसीय सीबीपी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को तनाव के कारणों, प्रभावों और उसके प्रभावी प्रबंधन के व्यावहारिक उपायों से परिचित कराना था।

संतुलित जीवनशैली पर दिया गया जोर
विद्यालय के प्राचार्य अभिषेक कुमार ने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरी जीवनशैली में तनाव का प्रभावी प्रबंधन शिक्षकों के लिए आवश्यक है। उन्होंने संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि तनावमुक्त शिक्षक विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।
गतिविधियों के माध्यम से तनाव की पहचान
एम.जी.एम. विद्यालय के प्राचार्य फादर डॉ. जोशी वर्गीस ने तनाव के विभिन्न कारणों और व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन पर उसके प्रभावों पर चर्चा की। उन्होंने सकारात्मक सोच, आत्म-जागरूकता और संतुलित दिनचर्या के माध्यम से तनाव को नियंत्रित करने के उपाय बताए। गतिविधियों के जरिए शिक्षकों को तनाव के लक्षण पहचानने और भावनाओं को समझने की जानकारी दी गई।

समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच पर चर्चा
डी.ए.वी. विद्यालय की वरीय शिक्षिका सोनी ने तनाव कम करने के व्यावहारिक उपाय साझा किए। उन्होंने समय-प्रबंधन, कार्य एवं निजी जीवन में संतुलन, सकारात्मक सोच और नियमित विश्राम के महत्व पर प्रकाश डाला। समूह-अभ्यास और संवाद के माध्यम से शिक्षकों को तनावपूर्ण परिस्थितियों का सकारात्मक ढंग से सामना करने के तरीके बताए गए।
प्रशिक्षण को बताया उपयोगी
दोनों संसाधन व्यक्तियों ने शिक्षकों के साथ संवाद कर तनाव-प्रबंधन से जुड़े उपयोगी सूत्र साझा किए। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष तरसेम सिंह एवं सचिव एस.पी. सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिक्षकों के व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में उपयोगी साबित होते हैं। कार्यक्रम में शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
