Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) में एमएसएमई, विशेषकर अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (एससी/एसटी) एवं महिला उद्यमियों को बीएसएल की खरीद प्रक्रिया, व्यावसायिक अवसरों और उपलब्ध सुविधाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से वेंडर डेवलपमेंट कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सामग्री प्रबंधन विभाग ने संबंधित विभागीय एवं बाह्य संस्थाओं के सहयोग से किया।

एमएसएमई और उद्यमियों की भागीदारी पर जोर
कार्यक्रम में अधिशासी निदेशक (सामग्री प्रबंधन) सहित सामग्री प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, एमएसएमई क्षेत्र के प्रतिनिधि, एससी/एसटी उद्यमी, विभिन्न वेंडर एवं उद्यमी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य संभावित वेंडरों को बीएसएल की खरीद प्रणाली के प्रति जागरूक करना और व्यावसायिक भागीदारी की संभावनाओं से अवगत कराना रहा।
टीआरईडीएस की कार्यप्रणाली समझाई
कार्यक्रम के दौरान ट्रेड रिसीवेबल्स इलेक्ट्रॉनिक डिस्काउंटिंग सिस्टम (टीआरईडीएस) की कार्यप्रणाली और इसकी भूमिका पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसके अलावा एमएसएमई क्षेत्र के लिए उपलब्ध वित्तीय एवं संस्थागत सुविधाओं तथा सहायता तंत्र की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी गई।

खरीद प्रणाली और पंजीकरण की जानकारी
नेशनल एससी-एसटी हब, रांची के प्रतिनिधियों एवं विशेषज्ञों ने एमएसएमई तथा एससी/एसटी उद्यमियों के लिए उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों और सरकारी सहायता की जानकारी साझा की। प्रतिभागियों को बीएसएल की खरीद प्रक्रिया, वेंडर पंजीकरण और डिजिटल प्रणालियों के उपयोग की जानकारी भी दी गई।
व्यावसायिक सहभागिता मजबूत करने पर जोर
कार्यक्रम के माध्यम से एमएसएमई, एससी/एसटी एवं महिला उद्यमियों की बीएसएल की खरीद प्रणाली में भागीदारी को सुगम बनाने तथा बीएसएल और एमएसएमई क्षेत्र के बीच व्यावसायिक सहभागिता को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
