Bokaro: सेक्टर-4 सिटी सेंटर स्थित ईएसआईसी डिस्पेंसरी में शनिवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रणधीर कुमार सिंह ने केक काटकर किया। कार्यक्रम का संचालन बड़ा बाबू जफर कमाल तनवी ने किया।

सही दवा और सही खुराक सुनिश्चित करना बड़ी जिम्मेदारी
डॉ. रणधीर कुमार सिंह ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवाओं को मरीज तक सुरक्षित और सही तरीके से पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका होती है। फार्मासिस्ट पर्चे की जांच कर सही दवा और खुराक सुनिश्चित करते हैं तथा मरीजों को दवा लेने का सही समय और तरीका बताते हैं।
दवाओं के दुष्प्रभाव और इंटरैक्शन की देते हैं जानकारी
उन्होंने कहा कि कई मरीज एक साथ विभिन्न बीमारियों की दवाएं लेते हैं। ऐसे में फार्मासिस्ट यह सुनिश्चित करने में मदद करते हैं कि दवाओं के आपसी प्रभाव से मरीज को नुकसान न हो। वे संभावित दुष्प्रभावों के प्रति भी मरीजों को जागरूक करते हैं।

बदलते समय में बढ़ रही फार्मासिस्ट की भूमिका
डॉ. सिंह ने बताया कि आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था में फार्मासिस्ट की भूमिका और व्यापक हुई है। कई स्थानों पर वे वैक्सीनेशन, ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर जांच जैसी सेवाओं में भी योगदान दे रहे हैं। दूरदराज क्षेत्रों में चिकित्सकों की कमी के बीच वे प्राथमिक स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन देने में भी सहयोग करते हैं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्यकर्मियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में देव कुमार शर्मा, विशाल वर्मा, नेहा रानी, धीरेंद्र कुमार, अरविंद गुप्ता, अभिषेक मिश्र, निशा परवीन, अजय कुमार, रितेश शर्मा, विधान शर्मा, वीरेंद्र मिश्र, जमुनी देवी, बैजंती देवी, विक्की सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
