Bokaro: जिले में पिछले कुछ दिनों से लूट और चेन स्नैचिंग की लगातार बढ़ रही घटनाओं ने आम लोगों और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर चास और जैनामोड़ क्षेत्र में हुई वारदातों के बाद व्यापारियों में आक्रोश है। लगातार हो रही घटनाओं को लेकर लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.
SP Bokaro Nathu Singh Meena
जैनामोड़ में सर्राफा व्यवसायी से पिस्टल के बल पर लूट
मंगलवार देर रात जरीडीह थाना क्षेत्र के जैनामोड़ में बाइक सवार तीन अपराधियों ने सर्राफा व्यवसायी रंजीत बरनवाल को निशाना बनाया। रंजीत बरनवाल, जो मां आभूषणालय के संचालक हैं, रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि एक बदमाश ने बांस के डंडे से उन पर हमला किया, गाली-गलौज की और सीने पर पिस्टल सटा दी। इसके बाद अपराधी उनके बैग में रखे करीब 1.25 लाख रुपये नकद सहित अन्य सामान लूटकर बाइक से फरार हो गए।

घटना के बाद व्यापारियों में रोष, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं जैनामोड़ के व्यापारियों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। व्यापारियों का कहना है कि जब भीड़भाड़ वाले बाजार में भी व्यवसायी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेंगे।
चास में भी बढ़ीं चेन स्नैचिंग की घटनाएं
इधर चास शहर में भी चेन स्नैचिंग की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। मंगलवार दोपहर महावीर चौक के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने सविता देवी के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
एक सप्ताह में कई वारदात, एक ही गिरोह पर पुलिस का शक
यह घटना धर्मशाला चौक के पास एक महिला से हुई चेन स्नैचिंग की वारदात के महज एक सप्ताह बाद सामने आई है। पुलिस को दोनों घटनाओं में एक ही गिरोह की संलिप्तता का संदेह है। इसके अलावा दो दिन पहले सेक्टर-5 में एक निजी स्कूल की शिक्षिका भी चेन स्नैचिंग का शिकार होने से बाल-बाल बच गई थीं। ऑटो में सफर के दौरान बदमाश ने उनकी चेन छीनने की कोशिश की, लेकिन शिक्षिका ने उसका हाथ झटक दिया और चिल्ला दिया, जिससे आरोपी बिना वारदात को अंजाम दिए भाग निकला।
एसपी बोले – जल्द सलाखों के पीछे होंगे आरोपी
बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथु सिंह मीणा ने कहा कि पुलिस सभी मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा, “आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही वे सलाखों के पीछे होंगे। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।”

