Bokaro: झारखंड के गढ़वा समेत कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए मंगलवार को संबंधित उपायुक्तों द्वारा अगले दो दिनों तक स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। इसी के बाद बोकारो में भी लगातार बारिश के मद्देनजर स्कूलों को दो दिनों के लिए बंद करने की मांग तेज हो गई है।

जिला अभिभावक संघ ने उपायुक्त बोकारो अजय नाथ झा से आग्रह किया है कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अन्य जिलों की तर्ज पर बोकारो के स्कूलों में भी दो दिनों का अवकाश घोषित किया जाए।
प्राथमिक कक्षाओं के बच्चे सबसे अधिक प्रभावित
जिला अभिभावक संघ के प्रतिनिधि महेंद्र राय ने बताया कि उन्होंने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए उपायुक्त से बोकारो के स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद रखने का अनुरोध किया है।

उन्होंने कहा कि लगातार बारिश का सबसे अधिक असर प्राथमिक विद्यालयों के छोटे बच्चों पर पड़ रहा है। स्कूल आने-जाने के दौरान उनके कपड़े और जूते भीग जा रहे हैं। लगातार बारिश के कारण भीगे कपड़े और जूते ठीक से सूख भी नहीं पा रहे हैं।
सर्दी-खांसी और जुकाम की शिकायत, अभिभावकों की बढ़ी चिंता
कई अभिभावकों का कहना है कि लगातार बारिश और भीगने के कारण बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। बच्चों में सर्दी, खांसी और जुकाम जैसी समस्याएं देखने को मिल रही हैं, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
अभिभावकों ने कहा कि ऐसे मौसम में छोटे बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल हो रहा है। वहीं, कई स्कूलों में अर्धवार्षिक परीक्षाएं भी नजदीक हैं, ऐसे में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
जलजमाव ने बढ़ाई बच्चों की परेशानी
लगातार बारिश के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चास, चिरा चास, बेरमो समेत कई इलाकों में गलियों और सड़कों पर पानी जमा हो गया है, जिससे छोटे बच्चों के लिए स्कूल तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है। कई स्थानों पर जलजमाव के बीच बच्चों को स्कूल जाना पड़ रहा है।
अब डीसी के निर्णय पर टिकी नजर
अभिभावक संघ ने जिला प्रशासन से मौसम की स्थिति और बच्चों की परेशानी को देखते हुए जल्द निर्णय लेने की मांग की है। अब सभी की नजर उपायुक्त बोकारो के निर्णय पर टिकी है कि क्या लगातार बारिश के बीच बोकारो के स्कूलों को भी अगले दो दिनों के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया जाएगा।
