Bokaro: चास प्रखंड की कुमरदागा पंचायत के रानीचिड़का समेत आसपास के कई गांवों में पेयजल की समस्या आने वाले समय में दूर होने की उम्मीद है। जल जीवन मिशन के तहत चास होल ब्लॉक योजना के माध्यम से इन क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य प्रगति पर है।

ग्रामीणों की समस्या पर प्रशासन ने लिया संज्ञान
पंचायत भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से संवाद में पेयजल की समस्या सामने आने के बाद उपायुक्त अजय नाथ झा ने पीएचईडी चास के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग ने योजना को लेकर प्रगति की जानकारी जिला प्रशासन को दी।
प्रस्तावित योजना पर हुई विस्तार से चर्चा
गुरुवार को पीएचईडी चास के कार्यपालक अभियंता अनुज कुमार ने उपायुक्त के समक्ष प्रस्तावित पेयजलापूर्ति योजना की जानकारी दी। बैठक में योजना से आच्छादित होने वाले गांवों, संभावित लाभुक ग्रामीणों और योजना के क्रियान्वयन से जुड़े कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।

दो वर्षों में धरातल पर उतारने का लक्ष्य
उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त और सुगम पेयजल उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभाग को योजना के कार्यों में आवश्यक गति बनाए रखने का निर्देश दिया। प्रशासन के अनुसार चास होल ब्लॉक योजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया जारी है और आने वाले दो वर्षों में इसे धरातल पर उतारने का लक्ष्य है।
ग्रामीणों को मिलेगी नियमित पेयजल सुविधा
योजना के क्रियान्वित होने के बाद रानीचिड़का समेत आसपास के गांवों के ग्रामीणों को नियमित और सुगम पेयजलापूर्ति की सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।
