Bokaro: श्री अय्यप्पा पब्लिक स्कूल के तीन समर्पित शिक्षकों को प्रतिष्ठित गुरु वशिष्ठ सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 12 सितंबर 2026 को आयोजित समारोह में शिक्षकों की शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार, रचनात्मकता और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण को सम्मान मिला।

पिट्स मॉडर्न स्कूल गोमिया में हुआ समारोह
सम्मान समारोह डॉ. राधाकृष्णन सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स, बोकारो के तत्वावधान में पिट्स मॉडर्न स्कूल, गोमिया में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि नॉर्थ छोटानागपुर जोन, बोकारो के जोनल इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, आईपीएस सहित शिक्षाविदों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही।
तीन शिक्षकों की उपलब्धि
पुरस्कार पाने वालों में प्राइमरी विंग की अर्पिता घोष, सेकेंडरी विंग के राजेश्वर कर्मकार और सीनियर सेकेंडरी विंग के सुमन कुमार तिवारी शामिल रहे। कर्मकार को विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन और गणितीय समझ विकसित करने, जबकि तिवारी को प्रभावी शिक्षण पद्धति और वैज्ञानिक अवधारणाओं को रोचक बनाने के लिए सम्मानित किया गया। घोष को प्राइमरी विंग में उनके समर्पित योगदान के लिए सम्मान मिला।

प्रधानाचार्या को भी मिला सम्मान
समारोह में प्रधानाचार्या पी. शैलजा जयकुमार को उत्कृष्ट नेतृत्व और शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
प्रबंधन ने दी बधाई
विद्यालय प्रबंधन के अध्यक्ष पी. राजगोपाल, उपाध्यक्ष शशीन्द्रन कराट व मोहनन आर. नायर, महासचिव ई. एस. सुसीलन, कोषाध्यक्ष बालचंद्रन तथा बोर्ड सदस्यों ने पुरस्कार विजेताओं और प्रधानाचार्या को बधाई दी।
शिक्षकों की भूमिका को सराहा
निदेशक डॉ. एस. एस. महापात्रा ने सम्मान को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। प्रधानाचार्या ने भी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक की वास्तविक उपलब्धि विद्यार्थियों को सीखने, रचनात्मक सोच और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने में है।
