Bokaro: बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प हुई थी। आरोप था कि खेत की मेढ़ काटने का विरोध करने पर एक व्यक्ति और उसके साथी पर कुदाल एवं रॉड से हमला किया गया था। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था। पुलिस मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

जेसीबी से काटी जा रही थी खेत की मेढ़
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आवेदक नीरज कुमार ने पेटरवार थाना में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया था कि 18 मई 2026 की शाम करीब चार बजे उनके बड़े पिता ने फोन कर सूचना दी थी कि हीरालाल साव और उसका पुत्र पवन साव जेसीबी से खेत की मेढ़ की कटिंग कर रहे थे। सूचना मिलने पर जब आवेदक के पिता मौके पर पहुंचे थे और विरोध किया था, तब आरोपितों ने बिना कुछ कहे कुदाल से हमला कर दिया था। साथ ही जान से मारने की धमकी देते हुए कहा था कि “भाग जाओ, नहीं तो टुकड़ा-टुकड़ा कर देंगे।”

दोस्त के माथे पर किया गया था हमला
शिकायत के अनुसार, शाम करीब 5:30 बजे नीरज कुमार अपने एक दोस्त के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपितों ने उनके दोस्त पर रॉड और कुदाल से हमला कर दिया था। हमले में युवक के माथे पर गंभीर चोट लगी थी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले में पेटरवार थाना कांड संख्या 87/26 दर्ज किया गया है। पुलिस भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी हीरालाल साव (50 वर्ष), निवासी सदमाकला, थाना पेटरवार को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
पहले भी दर्ज हो चुका है मामला
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी हीरालाल साव के खिलाफ पेटरवार थाना में पहले भी एक आपराधिक मामला दर्ज हो चुका है। वर्ष 2025 में भी मारपीट और धमकी से संबंधित धाराओं में उसके खिलाफ कांड संख्या 30/25 दर्ज किया गया था। कार्रवाई में थाना प्रभारी राजु कुमार मुंडा, पु.अ.नि. नारायण सिंह बानरा, पु.अ.नि. दुर्गा चरण मुर्मू, आरक्षी अजय महतो और हवलदार रामअवतार यादव शामिल रहे।

