Bokaro: चास थाना क्षेत्र के जोधाडीह मोड़ के पास बाइक की डिक्की से 3.5 लाख रुपये गायब होने का मामला सामने आया है। खमरबेड़ी निवासी एवं एलआईसी एजेंट दिनेश चंद्र झा ने बताया कि उन्होंने बैंक ऑफ इंडिया की गुरुद्वारा शाखा से 3.5 लाख रुपये निकाले थे। यह राशि उन्हें अपने बकाया भुगतान के लिए ले जानी थी।

दिनेश चंद्र झा के अनुसार, बैंक से रुपये निकालने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जोधाडीह मोड़ स्थित चटर्जी होटल के समीप ट्रैफिक धीमा होने पर पीछे से आए एक व्यक्ति ने उन्हें आवाज देकर बताया कि उनकी बाइक की डिक्की से कोई व्यक्ति कुछ निकालकर भाग गया है।

उन्होंने तुरंत बाइक रोककर देखा तो डिक्की खुली हुई थी और उसमें रखी 3.5 लाख रुपये की नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों से मदद मांगी और मामले की सूचना चास थाना पुलिस को दी।
चास के डीएसपी ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच पूरी होने से पहले यह कहना संभव नहीं है कि नकदी की चोरी हुई है या रुपये किसी कारणवश रास्ते में गिर गए। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

