Bokaro: बोकारो में शनिवार को झारखंड राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के सम्मान में झारखंड आंदोलनकारी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम शिबू सोरेन स्मृति भवन सभागार (टाउन हॉल) में हुआ। इसमें उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा शामिल हुए।
डीसी-एसपी ने किया सम्मानित
उपायुक्त और एसपी ने विभिन्न काउंटरों का भ्रमण कर झारखंड आंदोलनकारियों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन समेत अन्य पदाधिकारी-कर्मी और बड़ी संख्या में आंदोलनकारी मौजूद रहे।

“संघर्ष और त्याग को नमन है यह सम्मान”
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि झारखंड का गठन 15 नवंबर 2000 को लंबे संघर्ष के बाद हुआ। यह आंदोलन केवल अलग राज्य की मांग नहीं, बल्कि झारखंड की पहचान, अधिकार, सम्मान और विकास के लिए भी संघर्ष था। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों के संघर्ष और त्याग से झारखंड का सपना साकार हुआ और उनका सम्मान गौरव की बात है।

प्रमाण-पत्र से जुड़ी समस्याओं पर पहल
उपायुक्त ने बताया कि आंदोलनकारियों की सूची और प्रमाण-पत्र से संबंधित समस्याएं जिला प्रशासन के समक्ष आती रही हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पात्र आंदोलनकारियों को सम्मानित करने और प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने की पहल की गई।
सहभोज के साथ आत्मीयता का संदेश
आंदोलनकारियों के आग्रह पर समारोह स्थल पर खिचड़ी-चोखा के सहभोज की व्यवस्था भी की गई। वहीं, प्रमाण-पत्र वितरण के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए। उपायुक्त ने कहा कि सम्मान-पत्र आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और योगदान के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।
