Bokaro: बोकारो में बुधवार को SIR-2026 के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा को लेकर उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में जिला प्रशासन की ओर से किए जा रहे कार्यों और प्रगति की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशासन के प्रयासों की हुई सराहना
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने SIR कार्यों में जिला प्रशासन की सक्रियता और पारदर्शी कार्यप्रणाली की सराहना की। प्रतिनिधियों ने कहा कि प्रशासन सभी पक्षों को साथ लेकर काम कर रहा है और मतदाताओं की समस्याओं का भी गंभीरता से समाधान किया जा रहा है।
विशेष शिविर और तिथि विस्तार की मांग
प्रतिनिधियों ने मतदान केंद्रों पर दो दिवसीय विशेष शिविर आयोजित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में विस्तार की मांग प्रमंडलीय आयुक्त के समक्ष रखी। आयुक्त ने सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित वरीय पदाधिकारियों तक मांग पहुंचाने का आश्वासन दिया।

प्रतिदिन हो रही SIR कार्यों की समीक्षा
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले में SIR कार्यों की दैनिक समीक्षा और वीडियो संवाद के माध्यम से अनुश्रवण की जानकारी दी। उन्होंने ऑब्जर्वर चेकलिस्ट समेत विभिन्न गतिविधियों और प्रशासनिक तैयारियों से भी अवगत कराया।
BLO of the Day अभियान की जानकारी
उपायुक्त ने BLO of the Day अभियान के बारे में बताया। इसके तहत बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि SIR कार्यों में उनकी सक्रियता और उत्साह बढ़े।
आयकर भवन में सुनवाई कार्य का निरीक्षण
बैठक के बाद प्रमंडलीय आयुक्त ने कैंप-टू स्थित आयकर भवन पहुंचकर SIR-2026 के तहत संचालित अनमैप्ड सुनवाई कार्य का जायजा लिया। उन्होंने AERO से प्रक्रिया और प्रगति की जानकारी ली तथा उपस्थित मतदाताओं से भी संवाद किया। अधिकारियों को सुनवाई कार्य पारदर्शी और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार करने का निर्देश दिया।
बोकारो पहुंचने पर गार्ड ऑफ ऑनर
बोकारो आगमन पर परिसदन में प्रमंडलीय आयुक्त को पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उपायुक्त अजय नाथ झा, एसपी नाथू सिंह मीणा समेत अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। बैठक में प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, उपनिदेशक IPRD रवि कुमार सहित संबंधित अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
