Bokaro: सीआईएसएफ, सीसीएल मुख्यालय रांची के डीआईजी सुमंत सिंह ने 9 सितंबर 2026 को सीसीएल करगली क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न कोयला खदानों, साइडिंग, चेक पोस्ट और संवेदनशील प्रतिष्ठानों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

कोनार और कारो साइडिंग समेत कई स्थानों का जायजा
निरीक्षण के दौरान कोनार साइडिंग, कारो साइडिंग, वॉशरी क्षेत्र और विभिन्न चेक पोस्टों का भ्रमण किया गया। इसके अलावा ढोरी एरिया के अमलो माइंस, तारमी रेलवे साइडिंग, मैगजीन, कांटाघर और आई-ट्रिपल-सी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था भी परखी गई।
सुरक्षा खामियों को दूर करने के निर्देश
डीआईजी ने सीआईएसएफ जवानों की तैनाती, निगरानी व्यवस्था, प्रवेश-निकास नियंत्रण और संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा का मूल्यांकन किया। चिन्हित कमियों को जल्द दूर करने के लिए संबंधित कमांडेंट को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

MMDR Act के अनुपालन पर जोर
जीएम ढोरी राजीव कुमार सिंह के साथ बैठक में MMDR Act के प्रभावी अनुपालन और अवैध कोयला गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर चर्चा हुई। डीआईजी ने अवैध खनन, कोयला संग्रहण और परिवहन पर प्रभावी रोक, सतत निगरानी तथा सीसीएल की परिसंपत्तियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
छापेमारी में 1.60 टन अवैध कोयला बरामद
इसी क्रम में विश्वसनीय सूचना पर बीएंडके एरिया के कारो एक्सावेशन के पीछे जंगल में सीआईएसएफ ने छापेमारी की। अभियान में करीब 1.60 टन अवैध रूप से संग्रहित कोयला बरामद हुआ, जिसे नियमानुसार सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया।
समन्वय और खुफिया कार्रवाई पर जोर
डीआईजी ने कहा कि अवैध गतिविधियों पर रोक के लिए सीआईएसएफ और सीसीएल प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय, खुफिया सूचनाओं का प्रभावी उपयोग और त्वरित कार्रवाई जरूरी है। निरीक्षण के दौरान उप कमांडेंट गारा अभिलाष, के.वी.ए. श्रीधर, डी.के. पांडे, सहायक कमांडेंट सार्थक वर्पे बाबाजी, सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार तिवारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
